माँग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर, प्रधानमंत्री आवास, आजीविका मिशन और स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति भी परखी
बलौदाबाजार–भाटापारा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुश्री दिव्या ने 28 नवंबर 2026 को जनपद पंचायत कसडोल में पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों एवं तकनीकी सहायकों की बैठक लेकर ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतवार कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए रोजगार की मांग के अनुरूप ग्रामीणों को काम उपलब्ध कराने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
वीबी-जीरामजी योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोजगार की मांग के आधार पर कार्य उपलब्ध कराने तथा चिह्नित विशिष्ट कार्यों को जनवरी माह से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को उनकी मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत शत-प्रतिशत बैंक लिंकेज सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत अपूर्ण शौचालयों एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई।
जिला पंचायत सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यों की नियमित निगरानी और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में समस्त ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक तथा जनपद पंचायत कसडोल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


