अपराधियों में भय और जनता में विश्वास कायम करना प्रशासन की प्राथमिकता : कलेक्टर

TEJASWI NATH SONI

November 28, 2026

कलेक्टर कुलदीप शर्मा और एसपी गौरव राय ने ली कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक, जिला बदर अपराधियों और अवैध शराब पर सख्त निगरानी के निर्देश

 

बलौदाबाजार, 28 नवंबर 2026। जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और आगामी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए शनिवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

 

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करें तथा सूचना तंत्र को मजबूत रखें। नियमों और कानूनों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि अपराधियों में प्रशासन का भय और आम जनता में विश्वास बना रहे।

 

उन्होंने जमीन पर अतिक्रमण, आपसी विवाद, अवैध परिवहन, यातायात नियमों के उल्लंघन और अवैध शराब जैसे मामलों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। ऐसे मामलों में नियमानुसार समय पर कार्रवाई करने के साथ बाउंड ओवर एवं बाउंड डाउन की कार्रवाई अधिक से अधिक करने को कहा।

 

जिला बदर अपराधियों और अवैध शराब पर रहेगी विशेष निगरानी

 

बैठक में जिला बदर किए जाने वाले अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम लगातार जांच और निरीक्षण करेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

 

कलेक्टर ने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि शराब दुकानों में नियुक्त होने वाले सेल्समेन का पुलिस के माध्यम से चरित्र सत्यापन कराया जाए, ताकि आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को इस कार्य में नियुक्त नहीं किया जाए। इसके अलावा शराब दुकानों के सुपरवाइजर द्वारा थाने में नकदी जमा कराने जाने के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस पेट्रोलिंग टीम को साथ रखने के निर्देश दिए गए।

 

सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट पर होगी निगरानी

 

बैठक में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग और उसके प्रभाव पर भी चर्चा हुई। भड़काऊ एवं भ्रामक सामग्री पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई के लिए मीडिया मॉनिटरिंग सेल और साइबर सेल को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम लोगों को सोशल मीडिया पोस्ट और आईटी एक्ट के प्रावधानों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

 

यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान की कार्रवाई

 

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई और जुर्माने की राशि जमा कराने की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

 

एनएच किनारे होटल और ढाबों का होगा निरीक्षण

 

राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित होटल एवं ढाबों का राजस्व और पुलिस विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

 

बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा प्राप्त शिकायतों और अवैध गतिविधियों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment