धान कटाई के दौरान चलते हार्वेस्टर में लगी भीषण आग, किसान और ऑपरेटर ने कूदकर बचाई जान,

BHUPENDRA SINHA

November 19, 2026

बिडोरा में हादसा: हार्वेस्टर के साथ खेत में खड़ी धान की फसल भी जलकर हुई राख, मौके पर मची अफरा-तफरी,

गरियाबंद/फिंगेश्वर :- जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिडोरा में धान कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान की कटाई कर रहा एक हार्वेस्टर अचानक आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी मशीन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान हार्वेस्टर में मौजूद किसान और ऑपरेटर ने सूझबूझ दिखाते हुए मशीन से कूदकर अपनी जान बचाई।

मिली जानकारी के अनुसार, हार्वेस्टर खेत में धान की कटाई का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक मशीन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में हार्वेस्टर धू-धूकर जलने लगा। मशीन से उठती आग की लपटों ने खेत में खड़ी धान की फसल को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे फसल को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। हार्वेस्टर में लगी आग और उठते धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

इस हादसे में हार्वेस्टर और धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, किसान और ऑपरेटर के समय रहते मशीन से कूदकर सुरक्षित बाहर निकलने से जनहानि टल गई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन स्पष्ट नहीं हो पाया है।

चलती मशीन में अचानक लगी आग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि किसान और ऑपरेटर ने समय रहते अपनी जान बचा ली।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment