श्रीराम-सीता के स्वरूप में सजे नन्हे विद्यार्थी, दीपों और रंगोलियों से जगमगाया डी.ए.व्ही. स्कूल

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

November 7, 2026

दीप सजावट, रंगोली और हाउस बोर्ड प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा; सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली का दिया संदेश

सकरी। डी.ए.व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, सकरी में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास, उमंग और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर दीपों की रोशनी, आकर्षक रंगोलियों और बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से जगमगा उठा। विद्यार्थियों ने जहां अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात कर पर्व के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व को भी समझा।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के नन्हे विद्यार्थियों की आकर्षक वेशभूषा रही। बच्चे भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के स्वरूप में विद्यालय पहुंचे। उनके मनमोहक रूप ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। नन्हे विद्यार्थियों ने सुंदर नृत्य प्रस्तुति देकर उत्सव की खुशियों को दोगुना कर दिया।

दीपावली उत्सव के अवसर पर विद्यालय में दीप सजावट, रंगोली एवं हाउस बोर्ड सजावट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का परिचय देते हुए आकर्षक दीप सजाए तथा रंग-बिरंगी रंगोलियों से परिसर को सुसज्जित किया। वहीं हाउस बोर्ड सजावट में भी बच्चों ने विषयानुकूल रचनात्मकता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

पांच दिवसीय दीपोत्सव का बताया महत्व

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दीपावली के पांचों दिनों धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में नगरवासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। इसी परंपरा के प्रतीक स्वरूप दीपावली का पर्व मनाया जाता है। विद्यार्थियों को सत्य, धर्म, प्रेम, सद्भावना और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश भी दिया गया।

पर्यावरण संरक्षण का भी लिया संकल्प

उत्सव के दौरान बच्चों को सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया गया। पटाखों से होने वाले ध्वनि और वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए मिट्टी के दीप जलाने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने की सीख दी गई।

विद्यालय की प्राचार्या ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, सौहार्द, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश देता है। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने तथा दीपावली के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह और सहभागिता देखते ही बनी।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment