दिल्ली में दिखा छत्तीसगढ़ का दम: ‘वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ महारैली में बिलाईगढ़ से उमड़ा जनसैलाब, राजधानी में लगे जगह-जगह बैनर – युधिष्ठिर नायक
नई दिल्ली / बिलाईगढ़: देश की राजधानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक रामलीला मैदान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विशाल जनसभा में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ महारैली में देशभर के कोने-कोने से लाखों कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता और जन प्रतिनिधि पहुंचे। इस दौरान राजधानी दिल्ली की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर छत्तीसगढ़ के नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए बैनर-पोस्टर विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
महारैली में बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र और सोनाखान ब्लॉक से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और तिरंगा थामकर संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। पूरा रामलीला मैदान ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारों से गुंजायमान रहा।
इस महारैली में बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे और पूर्व विधायक चंद्रदेव राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का जत्था दिल्ली पहुंचा। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्राण लहरे, सोनाखान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, बिलाईगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष लंकेश्वर देवांगन और सरसीवा ब्लॉक अध्यक्ष भीषम प्रसाद साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं को बचाने के लिए यह जनआंदोलन ऐतिहासिक साबित होगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में देश का हर वर्ग अपने मताधिकार और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हो रहा है।
आयोजन में प्रमुख रूप से राजा अग्रवाल, चंद्रशेखर भट्ट, नल कुमार पटेल, भवानी श्रीवास, छत्रसाल साहू, राजकुमार जांगड़े, ताराचंद देवांगन, अप्पू नारंग, इंदु भूषण पदवार, कमलेश कुर्रे, रेशम लाल अजय, राहुल साहू, दिलीप अनंत, उत्तरा साहू सहित सैकड़ों की तादाद में कार्यकर्ता और क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने के बाद कार्यकर्ताओं ने संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।


