स्कूल शिक्षा विभाग की नई सेवाओं को लेकर विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित, छात्रवृत्ति और स्थानांतरण प्रमाण पत्र की प्रक्रिया होगी आसान
बलौदाबाजार, 28 अक्टूबर 2026। राज्य शासन द्वारा डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने और शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों तक सरलता से पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा सेतु पोर्टल पर अब 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसी क्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत बुधवार को विकासखंड पलारी में स्कूल शिक्षा विभाग से संबंधित नई सेवाओं के संचालन को लेकर शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण शिविर में पलारी विकासखंड के सभी शासकीय विद्यालयों के कुल 45 प्राचार्यों ने भाग लिया। उन्हें सेवा सेतु पोर्टल की नई कार्यप्रणाली और इसके माध्यम से उपलब्ध सेवाओं के संचालन की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से हाल ही में पोर्टल से जोड़ी गई सेवाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया।
इनमें अस्वच्छ धंधों में लगे परिवारों के बच्चों के लिए विशेष छात्रवृत्ति तथा स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) से संबंधित सेवाएं प्रमुख हैं। इन सेवाओं के डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को आवेदन प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी। साथ ही स्कूल बदलने या स्थानांतरण प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए प्रक्रिया को अधिक सरल और सुगम बनाया जा सकेगा।
इस प्रशिक्षण से प्राचार्यों को विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के आवेदनों का पोर्टल के माध्यम से त्वरित एवं व्यवस्थित निराकरण करने में मदद मिलेगी। प्रशासन का उद्देश्य शिक्षा विभाग से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाना तथा नागरिकों को डिजिटल माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सेवा सेतु पोर्टल पर सेवाओं का विस्तार और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रशिक्षण शासकीय सेवाओं की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


