सक्ती। जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए सक्ती पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले कई वर्षों से फरार चल रहे चार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में फरार स्थायी वारंटियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चार वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार स्थायी वारंटियों के नाम
- दिलीप केवट (23 वर्ष), पिता शिवाजी केवट, निवासी ग्राम गनियारी, थाना करतला, जिला कोरबा
- भूषण साहू (30 वर्ष), पिता शिवनारायण साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 03, बैगापारा, सक्ती
- भोलाराम सारथी (26 वर्ष), पिता हरिहर सारथी, निवासी वार्ड क्रमांक 18, स्टेशनपारा, सक्ती
- राजकुमार सिदार (33 वर्ष), पिता बजरंग सिदार, निवासी वार्ड क्रमांक 14, हरेठी, जिला सक्ती
सक्ती पुलिस द्वारा न्यायालय से जारी वारंटों का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण करने तथा फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों की तलाश और गिरफ्तारी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


