महासमुंद पुलिस ने विधि-विधान से की शस्त्रों की पूजा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निभाई विजयादशमी की परंपरा

SARJU PRASAAD SAHU

October 20, 2026

विजयादशमी पर महासमुंद पुलिस ने निभाई शस्त्र पूजन की परंपरा, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का लिया संकल्प

महासमुंद। विजयादशमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन महासमुंद में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार नायक सहित जिला पुलिस बल के अधिकारियों एवं जवानों ने जिला शस्त्रागार में रखे अग्नेयास्त्रों और अन्य शस्त्रों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पंडित श्री पंकज तिवारी, निवासी बेमचा, ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया।

विजयादशमी पर शस्त्र पूजन भारतीय संस्कृति और पराक्रम का प्रतीक

विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन की परंपरा भारतीय संस्कृति, वीरता और पराक्रम का प्रतीक मानी जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए महासमुंद पुलिस द्वारा प्रत्येक वर्ष इस पावन पर्व पर शस्त्र पूजन किया जाता है। यह आयोजन पुलिस बल के साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

पुलिस बल के लिए शस्त्र केवल सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का साधन नहीं हैं, बल्कि वे आम नागरिकों की सुरक्षा और समाज में शांति बनाए रखने के महत्वपूर्ण दायित्व के प्रतीक भी हैं। विजयादशमी के इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने जनसेवा, कर्तव्यपालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

पुलिस अधिकारियों और जवानों की रही उपस्थिति

शस्त्र पूजन कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक श्रीमती दीप्ति कश्यप, निरीक्षक श्री महेश साहू, निरीक्षक श्री विनोद कश्यप, निरीक्षक श्री दिनेश यादव, निरीक्षक श्री आकाश मसीह, उप निरीक्षक श्री राजीव नाहर, कंपनी कमांडर श्री साहू, प्रशिक्षु सूबेदार श्री ईश्वर साहू, सहायक उप निरीक्षक श्री बालमुकुंद साहू तथा शस्त्रागार प्रभारी श्री कदम सिंह नाग सहित जिला पुलिस बल के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

महासमुंद पुलिस का यह आयोजन विजयादशमी की पारंपरिक मान्यताओं के साथ-साथ सुरक्षा, अनुशासन और जनहित के प्रति पुलिस बल के संकल्प को भी रेखांकित करता है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment