महासमुंद। सरायपाली 23 सितंबर 2026 उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने बुधवार को नई मंडी प्रांगण सरायपाली में आयोजित कार्यक्रम में करीब 178 करोड़ 16 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपए के कार्यों का लोकार्पण तथा 154 करोड़ 88 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन कार्यों से सरायपाली क्षेत्र में पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना और अमृत मिशन सहित कई सुविधाओं का विस्तार होगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जल जीवन मिशन के तहत 24 ग्रामों में पेयजल सुविधा के लिए 18.18 करोड़ रुपए, नगर के विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 5.10 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण किया।
वहीं एसटीपी निर्माण के लिए 10.21 करोड़ रुपए, अमृत मिशन 2.0 के तहत जल प्रदाय व्यवस्था के लिए 139.55 करोड़ रुपए तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 5.12 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन करती है, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को उसका लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ सरायपाली के विकास के लिए भी राशि की कमी नहीं होने दी जाएगी। सांसद रूपकुमारी चौधरी की मांग पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा भी की।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने सरायपाली क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल लाइन की मांग का उल्लेख करते हुए बताया कि इस दिशा में सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने क्षेत्र के लिए अतिरिक्त विकास कार्यों की मांग भी रखी।
सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने अमृत मिशन 2.0 की स्वीकृति के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महानदी का पानी घर-घर पहुंचने से हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगों को भी उपमुख्यमंत्री के सामने रखा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान, शाकम्भरी बोर्ड अध्यक्ष राजेंद्र नायक, महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष हेमंत प्रधान, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।