बागबाहरा में चाकू अड़ाकर मोबाइल व नकदी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 बालिग गिरफ्तार व 4 नाबालिग हिरासत में
महासमुंद। बागबाहरा पुलिस ने राहगीर को रोककर चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूटने वाले गिरोह पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार और 4 विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 200 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
दिनांक 15 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे प्रार्थी दिनेश कुमार सूर्यवंशी (24 वर्ष, निवासी महावीर कॉम्प्लेक्स बागबाहरा) ग्राम घुंचापाली स्थित जियो टॉवर से काम निपटाकर मोटरसाइकिल से लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे फाटक धान मंडी बागबाहरा के पास अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने मारपीट करते हुए चाकू दिखाया और उसका रियलमी 15 5G मोबाइल (कीमत करीब 28,000 रुपये) व 200 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बागबाहरा में अपराध क्रमांक 187/26, धारा 310(2), 126(1) BNS तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए व कद-काठी के आधार पर पूछताछ की। पुख्ता सुराग मिलते ही पुलिस ने कुल 8 लोगों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
- शिवदास (26 वर्ष), पिता बकारु, निवासी वार्ड नंबर 10 बागबाहरा
- वासु सोनवानी (19 वर्ष), पिता संजय सोनवानी, निवासी वार्ड नंबर 10 बागबाहरा
- शिवप्रसाद उर्फ कन्हैया नेताम (22 वर्ष), पिता रामायण नेताम, निवासी वार्ड नंबर 04 ढांगाडीपरा बागबाहरा
- राज तांडी (19 वर्ष), पिता सुरेश तांडी, निवासी वार्ड नंबर 10 बागबाहरा (इसके अतिरिक्त 4 विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया)
पुलिस ने चारों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, वहीं चारों नाबालिगों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।