सांकरा। महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एएनटीएफ और थाना सांकरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कारों से 37.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गांजे की अनुमानित कीमत 7 लाख 40 हजार रुपये है। मामले में पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त क्रेटा और स्विफ्ट कार सहित कुल 17 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बल्दीड़ीह चौक पर नाकाबंदी कर पकड़े गए संदिग्ध वाहन
पुलिस के अनुसार एएनटीएफ को अवैध गांजा तस्करी के विरुद्ध एंड-टू-एंड एवं वित्तीय जांच के साथ-साथ सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में जिले में लगातार वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान थाना सांकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक क्रेटा कार और सफेद रंग की स्विफ्ट कार में ओडिशा से गांजा लेकर सांकरा होते हुए रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बल्दीड़ीह चौक, एनएच-53 रोड सांकरा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार क्रेटा और स्विफ्ट कार वहां पहुंचीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर चालक एवं सवार व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वाहनों में गांजा होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार वाहनों की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
37.300 किलो गांजा बरामद, दो कार और छह मोबाइल जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 37.300 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक क्रेटा कार कीमत 6 लाख रुपये, एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार कीमत 3 लाख रुपये तथा 6 मोबाइल फोन कीमत 70 हजार रुपये जब्त किए गए।
इस तरह पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 17 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
सात आरोपी गिरफ्तार
▪️पुलिस ने मामले में निम्न सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
▪️महेंद्र पटेल उर्फ रितेश, पिता अशोक पटेल कुमार, निवासी दयालपुर थाना सालिया, हाल भगत देवरी थाना सांकरा।
▪️टिके लाल मांझी उर्फ टिक्कू, पिता लोचन मांझी, उम्र 22 वर्ष, निवासी डोंगरी पाली थाना सांकरा।
▪️सुमित शर्मा, पिता घनश्याम शर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी लाखागढ़ थाना पिथौरा।
▪️देवेंद्र पटेल उर्फ दीपेश, पिता संतोष पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजपुर थाना बसना।
▪️गितेश नायक, पिता देवेंद्र नायक, उम्र 20 वर्ष, निवासी धुपेनडीह थाना बसना।
▪️नवसागर पटेल उर्फ नूतन, पिता गोपाल पटेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सागरपाली थाना सरायपाली।
▪️मंसुर खान, पिता वाकर खान, उम्र 26 वर्ष, निवासी लखागढ़ थाना पिथौरा।
नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 160/26, धारा 20(B) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में गांजा ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की योजना की बात सामने आई है। मामले में तस्करी के नेटवर्क, स्रोत और संभावित गंतव्य को लेकर आगे की जांच जारी है।
कुल 17.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई में जब्त संपत्ति में 37.300 किलो गांजा (7.40 लाख रुपये), क्रेटा कार (6 लाख रुपये), स्विफ्ट कार (3 लाख रुपये) और 6 मोबाइल फोन (70 हजार रुपये) शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही लगातार जांच और वाहन चेकिंग अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।