सेन समाज की अर्धवार्षिक बैठक में सामाजिक एकता पर बल, गौरी शंकर श्रीवास बोले—’संगठन ही समाज की शक्ति’
गुल्लू (आरंग): कोराशी परिक्षेत्र के तत्वावधान में सिरपुर महासभा अंतर्गत ग्राम गुल्लू में सेन समाज की अर्धवार्षिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में समाज के सर्वांगीण विकास, संगठनात्मक विस्तार और सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन मंथन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न महासभाओं व परिक्षेत्रों के पदाधिकारियों सहित समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केश शिल्प कला बोर्ड छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरी शंकर श्रीवास रहे। समाज को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता और सुदृढ़ संगठन में निहित होती है। आपसी मतभेदों को भुलाकर समाज के सामूहिक हित में काम करना समय की मांग है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रगति का मूल आधार बताते हुए जरूरतमंद परिवारों की मदद व सामाजिक उत्थान के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिरपुर महासभा के गोविंद सेन ने की। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा मंडल आरंग एवं ओबीसी मोर्चा मंत्री अशोक यादव, देवड़ी पार देशहा सेन समाज के प्रांतीय अध्यक्ष हीराधर सेन व प्रांतीय कोषाध्यक्ष माखन सेन उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत गुल्लू के सरपंच टेकेश भुनेश्वर साहू व उपसरपंच योगेश्वर साहू सहित सिरपुर महासभा के समस्त सामाजिक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन समाज में शिक्षा और परस्पर सहयोग को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।