मुक्तिधाम के कमरे से केबल वायर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, छुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
छुरा/गरियाबंद: मुक्तिधाम के कमरे का ताला तोड़कर बोर लाइन का केबल वायर चोरी करने वाले आरोपी को गरियाबंद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया केबल वायर और घटना में प्रयुक्त लोहे की वस्तु जब्त कर ली है।
मामले की जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 27 अगस्त 2026 को थाना छुरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 अगस्त को वार्ड नंबर 10 स्थित मुक्तिधाम के कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लगभग 500 फीट लंबा (05 नग) बोर लाइन का केबल वायर पार कर दिया है। रिपोर्ट के आधार पर छुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मान्टू ध्रुव नाम के व्यक्ति ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने 15 अगस्त की रात करीब 12 बजे मुक्तिधाम के कमरे का ताला तोड़कर केबल चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए कुछ केबल वायर को उसने आग में जलाकर नष्ट कर दिया, जबकि बाकी केबल को अपने घर के अंदर सीढ़ी के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छिपाया गया केबल वायर बरामद कर लिया है।
मामले में आरोपी मान्टू ध्रुव (पिता गब्बर ध्रुव, उम्र 30 वर्ष, निवासी पलौद, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर / स्थायी पता गादीकोट, थाना छुरा) के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(1), 331(4) और 112(1) के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में शामिल फरार आरोपी की तलाश जारी है, जिसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।