
डभरा। रायगढ़ जिले के छोटे से गांव बरपाली के होनहार छात्र विजय कुमार रात्रे ने बिना किसी कोचिंग के घर पर रहकर पढ़ाई करते हुए अपने पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर MBBS में चयनित होकर परिवार और समाज का मान बढ़ाया है।
विजय कुमार रात्रे ने NEET परीक्षा में 442 अंक प्राप्त करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट रैंक 2525 हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विजय कुमार रात्रे एक साधारण परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता का नाम दादुलाल रात्रे तथा माता का नाम वेशकुमारी रात्रे है। सीमित संसाधनों के बावजूद विजय ने कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर बिना किसी कोचिंग के यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।
विजय कुमार रात्रे के MBBS में चयन पर प्रगतिशील सतनामी समाज जिला सक्ती की जिला अध्यक्ष रेशम कुर्रे और जिला मीडिया प्रभारी अमिलाल घृतलहरे ने संयुक्त रूप से मास न्यूज के संवाददाता से चर्चा करते हुए कहा कि एक साधारण परिवार के बच्चे का बिना कोचिंग घर पर रहकर पढ़ाई करना और पहले ही प्रयास में MBBS के लिए चयनित होना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने विजय कुमार रात्रे को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि विजय जल्द ही डॉक्टर बनकर समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा करेंगे।
विजय कुमार रात्रे की यह सफलता उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल करने का सपना देखते हैं।