खिड़की से झोला भर-भरकर शराब देने की भी शिकायत, आबकारी अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद नहीं मिला जवाब
बलौदाबाजार। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जहां जिलेभर में भाई-बहन के प्रेम और सौहार्द का माहौल रहा, वहीं शराब दुकानों में कथित तौर पर तय कीमत से अधिक दाम पर शराब बिक्री का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिला मुख्यालय के अलावा गिधपुरी, भाटापारा और सिमगा क्षेत्र में भी शराब की बोतलों पर निर्धारित मूल्य से करीब 10 से 20 रुपए तक अधिक वसूले गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन शराब दुकानों में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ रही। इसी दौरान कथित रूप से शराब की बोतलों पर अतिरिक्त राशि वसूली गई। इतना ही नहीं, कुछ दुकानों में खिड़की के माध्यम से झोला भर-भरकर शराब दिए जाने की भी शिकायत सामने आई है।
अधिकारियों को दी सूचना, नहीं मिला जवाब
मामले की जानकारी देने के लिए जिला आबकारी अधिकारी और जिला सहायक आबकारी अधिकारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। बताया गया है कि जिला आबकारी अधिकारी को मैसेज के माध्यम से भी मामले से अवगत कराया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जवाब या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई।
त्योहार के दिन नियमों पर उठे सवाल
शराब बिक्री में निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलना और बिक्री प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं करना गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर तब, जब आबकारी विभाग द्वारा शराब दुकानों की निगरानी और निर्धारित दर पर बिक्री सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी होती है।अब सवाल यह है कि क्या आबकारी विभाग इन शिकायतों की जांच करेगा?यदि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की पुष्टि होती है तो संबंधित दुकान संचालकों पर क्या कार्रवाई की जाएगी? साथ ही, खिड़की से बड़ी मात्रा में शराब दिए जाने की शिकायत की भी जांच होगी या नहीं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
प्रशासन की जांच का इंतजार
मामले में आबकारी विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायतों और आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अब प्रशासन द्वारा मामले को कितनी गंभीरता से लिया जाता है और संबंधित अधिकारियों से क्या जवाब-तलब किया जाता है, इस पर लोगों की नजर है। मामले को लेकर जिला प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद खबर को आगे अपडेट किया जाएगा।