महासमुंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 प्रकरणों में 22.190 लीटर शराब जब्त

SARJU SAHU

August 27, 2026

महासमुंद। जिले में अवैध महुआ एवं देशी शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 25 अगस्त 2026 को सरायपाली, सिंघोड़ा और पिथौरा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 4 प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान 22.190 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 4,540 रुपये बताई गई है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

सरायपाली थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बालसी में कार्रवाई की। यहां विक्रम रात्रे, पिता हेमलाल रात्रे, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम बालसी के कब्जे से बिक्री के लिए रखी गई 10 लीटर देशी हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 2,000 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 275/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

सिंघोड़ा थाना पुलिस ने ग्राम कंवरपाली में नेहरू लाल रौतिया, पिता स्व. लक्ष्मण, उम्र 68 वर्ष के घर की बाड़ी में रेड की। पुलिस को मौके से बिक्री के लिए रखी 12 लीटर देशी हाथ भट्टी महुआ शराब मिली, जिसकी कीमत करीब 2,400 रुपये है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 97/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

पिथौरा थाना पुलिस ने सीजी-53 ढाबा, नेशनल हाईवे पिथौरा में छापामार कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार ढाबा संचालक द्वारा ग्राहकों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी। मौके से विरेन्द्र कुमार पटेल, पिता भुषण लाल पटेल, उम्र 31 वर्ष, निवासी देवगांव, राजादेवरी, जिला बलौदाबाजार के पास से 100 एमएल देशी प्लेन शराब बरामद की गई। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 214/26, धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

इसी तरह लहरौद स्थित एक दुकान में भी पुलिस ने रेड की। यहां तारणीश शुक्ला, पिता नारायण शुक्ला, उम्र 27 वर्ष, निवासी कर्मचारी कॉलोनी वार्ड नंबर 8, लहरौद द्वारा लोगों को शराब पीने-पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने की बात सामने आई। मौके से 90 एमएल देशी प्लेन शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 215/26, धारा 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

महासमुंद जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए होटल, ढाबा, गुमटी और ठेलों सहित संदिग्ध स्थानों पर लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब का निर्माण, बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

जिले में एक ही दिन चार अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई कर 22.190 लीटर अवैध शराब जब्त किए जाने से पुलिस के विशेष अभियान की सक्रियता सामने आई है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment