रक्षाबंधन पूर्व बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे ने पुलिस जवानों को बांधी राखी, सुरक्षा और समर्पण के लिए जताया आभार
बिलाईगढ़। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक कविता प्राण लहरे ने क्षेत्र की सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों के साथ उत्सव मनाया। उन्होंने जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके दीर्घायु जीवन और सुरक्षा की कामना की।

इस अवसर पर विधायक ने जवानों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समर्पित रहते हैं। ऐसे में उनके साथ यह पावन पर्व मनाना न केवल आत्मीयता बल्कि गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों की रक्षा का संकल्प लेने वाले इन वीर जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करना इस पर्व के महत्व को और अधिक सार्थक बनाता है।
विधायक कविता प्राण लहरे ने जवानों के कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा ईश्वर से सभी जवानों एवं उनके परिवारों के उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षा और खुशहाली की प्रार्थना की।