सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आदर्श सुपोषण गृह का शुभारंभ, विधायक कविता प्राण लहरे हुईं शामिल
बिलाईगढ़ : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में आदर्श सुपोषण गृह का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम में बिलाईगढ़ विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे शामिल हुईं।
इस अवसर पर विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि आदर्श सुपोषण गृह कुपोषित बच्चों एवं माताओं को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और सुपोषित बच्चा ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव है।
क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे तक पौष्टिक आहार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से आदर्श सुपोषण गृह में उपलब्ध सुविधाओं एवं कुपोषित बच्चों तथा माताओं के लिए किए जाने वाले पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रयासों की जानकारी दी गई।
विधायक ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने भी कुपोषण के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और सुपोषण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।