बलौदाबाजार। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, बलौदाबाजार में आयोजित शिशु वाटिका एवं बालिका शिक्षा की दो दिवसीय वार्षिक कार्ययोजना बैठक का समापन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। बैठक में आगामी सत्र के लिए शिशु वाटिका एवं बालिका शिक्षा को अधिक प्रभावी, संस्कारक्षम और गुणवत्तापूर्ण बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा एवं मार्गदर्शन दिया गया।
समापन कार्यक्रम में मनोज साहू, प्रांत प्रमुख बालिका शिक्षा, उर्मिला कश्यप, सह प्रांत प्रमुख शिशु वाटिका, किरण साहू, विभाग प्रमुख बालिका शिक्षा तथा रेखा साहू, विभाग प्रमुख शिशु वाटिका प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान किरण साहू एवं रेखा साहू द्वारा वृत्त निवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात मनोज साहू ने बालिका शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। वहीं उर्मिला कश्यप ने शिशु वाटिका की वार्षिक कार्ययोजना, उसकी उपयोगिता तथा आगामी वर्ष में इसके प्रभावी क्रियान्वयन के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
बैठक में रानी सरकार, माना कैम्प एवं सुषमा तिवारी, आरंग ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कार्ययोजना को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण बिंदुओं और अपने अनुभवों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
समापन अवसर पर स्थानीय विद्यालय की दीदियों द्वारा जिला, विभाग एवं प्रांत प्रमुखों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की दीदी अनूपा चंद्राकर ने किया। अंत में विद्यालय के प्राचार्य त्रिलोचन साहू ने सभी अतिथियों, मार्गदर्शकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दो दिवसीय बैठक के दौरान शिशु वाटिका एवं बालिका शिक्षा को अधिक प्रभावी, संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आगामी वर्ष की कार्ययोजना, उसके क्रियान्वयन और अपेक्षित परिणामों को लेकर सार्थक चर्चा हुई। बैठक में प्राप्त मार्गदर्शन से आगामी शैक्षणिक सत्र में योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार हुआ।
