शराब पीकर तेज रफ्तार बाइक दौड़ाने वाले पर कोर्ट का सख्त चाबुक, लगा ₹22,500 का भारी जुर्माना

BIRENDRA KUMAR SEN

August 21, 2026

शराब पीकर तेज रफ्तार बाइक दौड़ाने वाले पर कोर्ट का सख्त चाबुक, लगा ₹22,500 का भारी जुर्माना

बलौदाबाजार-भाटापारा: जिले में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और लापरवाह चालकों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत शराब के नशे में बिना नंबर की बाइक दौड़ा रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर ₹22,500 का भारी अर्थदंड लगाया है।

यातायात पुलिस द्वारा ग्राम गोरधा रोड स्थित स्कूल के पास संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए पहुंचा। पुलिस ने जब ब्रेथ एनालाइजर मशीन से उसकी जांच की, तो शराब के अत्यधिक सेवन की पुष्टि हुई।

पकड़े गए चालक की पहचान जीवराखन कैवर्त (उम्र 26 वर्ष), पिता फूल सिंह, निवासी ग्राम गोरधा (थाना कसडोल) के रूप में हुई है। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक चला रहा था और उसके पास कोई वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी मौजूद नहीं था। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत वाहन को जब्त कर चालान न्यायालय में पेश किया।

प्रकरण की सुनवाई करते हुए माननीय न्यायालय ने आरोपी जीवराखन कैवर्त को नियमों के गंभीर उल्लंघन पर कुल ₹22,500 के जुर्माने से दंडित किया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।

​पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, सभी वैध दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment