बलौदाबाजार में मवेशी चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश: 4 भैंस चोरी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, नगदी रकम जब्त
बलौदाबाजार: जिले में पशु तस्करी और मवेशी चोरी पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में सिमगा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चार भैंसों की चोरी के मामले में कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से मवेशी बिक्री के ₹2,500 नकद भी बरामद किए गए हैं।
मामले की शुरुआत ग्राम चौरेंगा निवासी तोरण साहू की शिकायत से हुई, जिनकी 4 भैंसें चोरी हो गई थीं। विवेचना के दौरान पूर्व में चोरी की गई इन भैंसों को पिकअप में भरकर नागपुर ले जाते समय राजनांदगांव के लालबाग थाना क्षेत्र में पकड़ा गया था। उस समय पुलिस ने नितेश भवारिया, शाहरुख खान, मो. मुबाशीर और मो. साजिद को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और मवेशियों को उनके मालिक को सौंप दिया था।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने राकेश सतनामी को पकड़ा। राकेश ने खुलासा किया कि उसने ग्राम किरवई के तालाब से अपने साथी लोकेश काटले के साथ मिलकर भैंसों की चोरी की थी और उन्हें नागपुर में बेचा था।
मिली जानकारी के आधार पर सिमगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही लोकेश काटले उर्फ भल्ला (22 वर्ष, निवासी ग्राम किरवई) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और मवेशी बिक्री के हिस्से से बचे ₹2,500 नकद पेश किए। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की।