साइबर जागृति अभियान: बलौदाबाजार के स्कूलों में पुलिस ने कराई निबंध प्रतियोगिता, विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके
जिला रिपोर्टर -विरेन्द्र कुमार सेन
बलौदाबाजार, 19 अगस्त 2026। ‘साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ बनाने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम और निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह विशेष अभियान 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 को थाना राजादेवरी, थाना कसडोल एवं चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड और बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी से बचने के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
थाना राजादेवरी क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदन में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही निबंध प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें 86 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजादेवरी में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां आयोजित निबंध प्रतियोगिता में 72 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
थाना कसडोल क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पिसीद में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। पुलिस द्वारा बच्चों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरौदपुरी में करीब 80 विद्यार्थियों, प्राचार्य एवं शिक्षकों की उपस्थिति में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी। विद्यार्थियों को क्यूआर कोड स्कैन कराकर साइबर जागृति अभियान से जोड़ा गया। इसके साथ ही निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों, विद्यार्थियों एवं आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए QR कोड को स्कैन करने से पहले पूरी सावधानी बरतें तथा अपना OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें।
पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और घटना की जानकारी दें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
‘साइबर जागृति अभियान’ के माध्यम से पुलिस द्वारा विद्यार्थियों और नागरिकों को जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।