स्कूली बच्चों से लेकर ग्राम प्रमुखों तक ने ली शपथ,
छुरा / गरियाबंद:- आजादी के पर्व स्वतंत्रता दिवस पर जहां रसेला क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, वहीं नशे के खिलाफ भी जनजागरण की मजबूत आवाज उठी। भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायत रसेला सहित आसपास के गांवों में व्यापक नशामुक्ति प्रतिज्ञा अभियान चलाया गया। अभियान में स्कूली बच्चों, छात्रावास के विद्यार्थियों, शिक्षकों, पंचायत पदाधिकारियों, ग्राम प्रमुखों और ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
गांव-गांव पहुंचा नशामुक्ति का संदेश,
अभियान की शुरुआत रसेला के आसपास के गांवों से हुई। ग्राम रूवाड़ में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्राम के प्रमुख नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सरपंच विजय कृष्ण नागेश, उपसरपंच रोहित नेम, ग्राम पटेल कृष्ण कुमार नागेश, चेतन सिंग नागेश, दुलेश कुमार नेमसिंग सहित अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।

अभियान के तहत आदिवासी प्री-मैट्रिक छात्रावास रूवाड़ में छात्रावास के विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। वहीं दादर स्थित बालिका छात्रावास में छात्राओं और कर्मचारियों ने भी नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
रसेला में स्वतंत्रता दिवस समारोह बना नशामुक्ति का मंच,
ग्राम पंचायत रसेला में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के दौरान नशामुक्ति अभियान का विशेष आयोजन किया गया। समारोह में शासकीय प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला एवं उच्चतर माध्यमिक शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम में सरपंच रूपा देवी ठाकुर, उपसरपंच परमेश्वर यादव, ग्राम पटेल लोकराम यादव, जनपद सदस्य सुखराम ठाकुर, सरपंच प्रतिनिधि विजेंद्र कुमार ठाकुर, संतराम ठाकुर, जयसवाल भैया सहित ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ब्रह्माकुमारी बहन ने दिलाई सामूहिक शपथ,
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रतिनिधियों ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं और समाज को इससे बचाने की अपील की। ब्रह्माकुमारी लेखनी बहन, ब्रह्माकुमारी पूजा बहन, खुमान भाई एवं राधे भाई ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखना और उनमें सकारात्मक सोच विकसित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
खुद भी नशा नहीं करेंगे, दूसरों को भी रोकेंगे,
शपथ के दौरान बच्चों, ग्रामीणों और ग्राम प्रमुखों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस अभियान ने रसेला क्षेत्र में देश की आजादी के साथ नशे की गुलामी से मुक्ति का संदेश भी दिया। ग्रामीणों ने अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने और गांवों में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की आवश्यकता जताई।