रोहासी गौठान का हाल बेहाल, कीचड़ और पानी के बीच रहने मजबूर सैकड़ों मवेशी

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

August 15, 2026

रोहासी। नगर पंचायत रोहासी के गौठान में इन दिनों व्यवस्थाओं की बदहाली सामने आ रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते गौठान परिसर पूरी तरह पानी और कीचड़ से सराबोर हो गया है। ऐसे हालात में यहां रखे सैकड़ों मवेशियों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
गौठान की स्थिति को बयां करता वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिसर में जगह-जगह पानी और कीचड़ नजर आ रहा है। मवेशियों के बैठने और आराम करने के लिए पर्याप्त सूखी एवं सुरक्षित जगह दिखाई नहीं दे रही है। बारिश के कारण मवेशियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं लंबे समय तक ऐसे हालात बने रहने से उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम को देखते हुए गौठान में पहले से ही जल निकासी, सूखी जमीन और मवेशियों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की जानी चाहिए थी। लेकिन मौजूदा हालात में व्यवस्थाएं बदहाल नजर आ रही हैं। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से गौठान की स्थिति का तत्काल जायजा लेकर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब गौठान में सैकड़ों मवेशियों की देखरेख की जिम्मेदारी है, तो बारिश के दौरान उनके लिए सुरक्षित और सूखी जगह की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? जलभराव और कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान अब भी क्यों नहीं किया गया?
CMO रंजन ने पत्रकार को बताया कि गौठान की स्थिति का संज्ञान लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाएगा और बहुत जल्द समस्या का निराकरण कर दिया जाएगा।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदारों के आश्वासन के बाद गौठान की बदहाल स्थिति में कितनी जल्दी सुधार होता है और बारिश के बीच मवेशियों को कब तक राहत मिल पाती है।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment