महासमुंद। 15 अगस्त 2026 जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। समारोह में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत वंदे मातरम के गायन से हुई। ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि मंत्री दयालदास बघेल ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया। प्रशिक्षु सुबेदार ईश्वर साहू के नेतृत्व में 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, वन विभाग, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट, गाइड और रेडक्रॉस सहित कुल 10 टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट करते हुए सलामी दी।
मुख्य अतिथि ने मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस की खुशी के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। समारोह के दौरान जिले में निवासरत 19 शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 170 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में 12 विद्यालयों के 827 विद्यार्थियों ने सामूहिक योग प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने आकर्षक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया।
छह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी और हिंदी के देशभक्ति गीतों की संगीतमयी प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद ने प्रथम, महर्षि विद्या मंदिर मचेवा ने द्वितीय और शासकीय डीएमएस महासमुंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टुकड़ियों को भी सम्मानित किया गया। वरिष्ठ सशस्त्र बल समूह में 20वीं वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल ने प्रथम, जिला पुलिस बल ने द्वितीय और नगर सेना महिला प्लाटून ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वरिष्ठ समूह में सीनियर डिवीजन एनसीसी प्रथम, एनएसएस महाविद्यालय द्वितीय और जूनियर डिवीजन एनसीसी तृतीय स्थान पर रहा। कनिष्ठ समूह में एनएसएस आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल ने प्रथम, रेडक्रॉस आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय तथा स्काउट कनिष्ठ समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टुकड़ियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए गए। परेड कमांडर प्रशिक्षु सुबेदार तथा सहायक उप निरीक्षक साइमा अम्बिलकर को भी सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस विभाग ने ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ थीम पर बनाए गए सेल्फी जोन में नागरिकों ने सेल्फी लेकर अभियान में सहभागिता की और साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प में अपनी भागीदारी निभाई।
महासमुंद में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सम्मान और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। ध्वजारोहण, भव्य परेड, शहीद परिवारों का सम्मान, उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, योग प्रदर्शन और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। बड़ी संख्या में मौजूद विद्यार्थियों और नागरिकों ने देशभक्ति के उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता निभाई।