कोमाखान थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पानी टंकी के नीचे चल रहे जुआ फड़ का भंडाफोड़, 7 जुआरी गिरफ्तार

SARJU SAHU

August 14, 2026

फड़ से 2,200 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और 4 मोबाइल समेत 20,200 रुपये की संपत्ति जब्त

महासमुन्द। जिले में जुआ गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कोमाखान पुलिस ने ग्राम नवाडीह कसेकेरा स्थित पानी टंकी के नीचे जुआ खेल रहे सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा और उनके कब्जे से नगदी रकम, ताश की पत्तियां और मोबाइल फोन बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नवाडीह कसेकेरा में पानी टंकी के नीचे कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसे की हार-जीत का दांव लगाकर ‘काटपत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद थाना कोमाखान पुलिस टीम ने स्टाफ और गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान सात लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 2,200 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और चार मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त मोबाइल की कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 20,200 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान दौलतराम साहू (51), डिगेश्वर साहू (30), ललित साहू (27), धनेश राम यादव (42), रूपेश साहू (26), संतोष साहू (32) और हरेष यादव (45) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम नवाडीह कसेकेरा, थाना कोमाखान, जिला महासमुन्द के निवासी बताए गए हैं।

थाना कोमाखान में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 120/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

कोमाखान पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच सख्त संदेश गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment