आदिवासी बालक आश्रम में बना जुए का अड्डा! अधीक्षक पर गंभीर

SARJU SAHU

August 13, 2026

महासमुंद। बसना विकासखंड के ग्राम पंचायत छोटे टेमरी स्थित आदिवासी बालक आश्रम के अधीक्षक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता गोंद दास मानिकपुरी ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर अधीक्षक रोहित पटेल पर आश्रम से नियमित रूप से अनुपस्थित रहने और आश्रम की व्यवस्थाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। शिकायत में आश्रम परिसर में कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों के साथ ताश-पत्ती और जुआ खेले जाने के साथ ही शराब एवं बकरे की पार्टी किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

अधीक्षक के आश्रम में नहीं रहने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, आदिवासी बालक आश्रम में अधीक्षक के रहने के लिए कक्ष का निर्माण किया जा चुका है, इसके बावजूद अधीक्षक नियमित रूप से आश्रम में नहीं रहते हैं। उनके अनुपस्थित रहने की स्थिति में आश्रम की व्यवस्था चपरासी और रसोइयों द्वारा संभाले जाने की बात शिकायत में कही गई है। शिकायतकर्ता ने इसे आश्रम में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

आश्रम परिसर में जुआ खेलने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आश्रम परिसर में कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों के साथ ताश-पत्ती खेली जाती है और जुआ खेलने जैसी गतिविधियां भी होती हैं। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में फोटो भी शिकायत के साथ संलग्न किए हैं। इसके अलावा ग्रामीणों की ओर से कर्मचारियों द्वारा बकरा और शराब की पार्टी किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

पहले भी हो चुकी है शिकायत

शिकायतकर्ता का कहना है कि अधीक्षक रोहित पटेल के खिलाफ पूर्व में भी 17 फरवरी 2026 और 2 अप्रैल 2026 को सहायक आयुक्त, महासमुंद के समक्ष शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। इससे शिकायतकर्ता ने विभागीय स्तर पर मामले की जांच को लेकर सवाल उठाए हैं।

कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग

गोंद दास मानिकपुरी ने कलेक्टर से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो अधीक्षक सहित संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए। शिकायत के साथ पूर्व में की गई शिकायतों की प्रतियां तथा आश्रम परिसर में ताश-पत्ती और जुआ खेले जाने संबंधी फोटो भी प्रस्तुत किए गए हैं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment