छुरा/गरियाबंद :- छुरा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध जतमई धाम में महिला से सोने की चेन स्नेचिंग के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र से 7 संदिग्धों को पकड़ा है। संदिग्धों के कब्जे से सोने की चेन जैसी वस्तु बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम फरफौद, थाना आरंग, जिला रायपुर निवासी नेमिन चंद्राकर (55 वर्ष), पति स्व. मुन्ना चंद्राकर ने थाना छुरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 9 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे जतमई धाम में उनके साथ करीब 2 तोला वजन की सोने की चेन, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है, की स्नेचिंग हुई।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए जतमई क्षेत्र एवं आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान कर पुलिस ने चेकिंग प्वाइंट लगाकर काले रंग की कार क्रमांक MH 49 CS 2471 को रोककर उसमें सवार संदिग्धों से पूछताछ की।
पुलिस ने वाहन से रौनक पानतावणे (30), सीमा पात्रे (40), विध्या उफाडे (30), मुस्कान पात्रे (26), मीना खडसे (35), नंदिनी पाथरे (30) और छाया उफाडे (50) को पकड़ा। सभी संदिग्ध नागपुर, महाराष्ट्र क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक संदिग्धों में से एक के कब्जे से सोने की चेन जैसी वस्तु बरामद की गई है। मामले में रिपोर्ट के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब CCTV फुटेज, बरामद सामग्री और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर चेन स्नेचिंग की घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद जतमई धाम में हुई चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा होने की उम्मीद है।