उफनते बरघाट नाले में बहे युवक को बचाने वाली पुलिस टीम व 8 जांबाज ग्रामीण सम्मानित, एसपी गौरव राय ने सौंपा प्रशस्ति पत्र

BIRENDRA KUMAR SEN

August 11, 2026

उफनते बरघाट नाले में बहे युवक को बचाने वाली पुलिस टीम व 8 जांबाज ग्रामीण सम्मानित, एसपी गौरव राय ने सौंपा प्रशस्ति पत्र

बलौदाबाजार। उफनते नाले के तेज बहाव और अंधेरी रात के बीच अपनी जान पर खेलकर एक युवक की जान बचाने वाले कसडोल पुलिस के जवानों, डायल 112 की टीम और असनींद गांव के 8 साहसी ग्रामीणों को बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय (IPS) ने सम्मानित किया है। जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में सभी जांबाजों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके अदम्य साहस की सराहना की गई।

​इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री संजय साहू सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

​घटना 8 अगस्त 2026 की रात्रि की है। कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बलार रोड स्थित बरघाट नाले में भारी बारिश के कारण भीषण बाढ़ आई हुई थी। जलस्तर अत्यधिक बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव बेहद तेज था। मना करने के बाद भी एक युवक नाला पार करने का प्रयास करने लगा, जिससे उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। गनीमत रही कि युवक थोड़ी दूर जाकर नाले के बीचों-बीच स्थित एक पेड़ के सहारे अटक गया।

​घटना की सूचना मिलते ही थाना कसडोल पुलिस, डायल 112 की टीम और स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। आधी रात के घुप अंधेरे और जानलेवा बहाव के बीच टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रस्सी के सहारे जोखिमभरा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।

कसडोल पुलिस एवं डायल 112 टीम:

  • ​PSI उमेश कुमार टंडन (थाना कसडोल)
  • ​प्रधान आरक्षक 159 संतकुमार बिंझवार
  • ​आरक्षक 596 अजय बंजारे
  • ​आरक्षक 324 रवि प्रकाश कंवर
  • ​आरक्षक 538 विशंभर लहरें
  • ​आरक्षक 941 राजकुमार प्रजापति (डायल 112)
  • ​चालक केशव प्रसाद साहू (डायल 112)

ग्राम असनींद (बरघाट) के साहसी नागरिक:

  • ​बिकेंद्र ध्रुव, हेमंत ध्रुव, गौतम ध्रुव, सरोज कुमार ध्रुव, गणेश राम ध्रुव, भागीरथी कोसले, फागु पटेल और संजय ध्रुव।

​सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय ने रेस्क्यू में शामिल पूरी टीम के साहस की प्रशंसा करते हुए कहा, “विषम परिस्थितियों में समय पर लिया गया सही निर्णय और पुलिस-जनता का आपसी सहयोग ही किसी नागरिक की जान बचा सका। ग्राम असनींद के ग्रामीणों ने जो नागरिक कर्तव्य और अदम्य साहस दिखाया है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है।”

​इसके साथ ही एसपी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियों और रपटों को पार करने का जोखिम बिलकुल न उठाएं और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment