जर्जर सड़कों पर सफर हुआ मुश्किल, गड्ढे-कीचड़ और जलभराव से ग्रामीण परेशान

SARJU SAHU

August 9, 2026

ढाबाखार-भजपुरी और जामजुड़ा-कंचनपुर मार्ग की बदहाल स्थिति, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की उठाई माँग

महासमुंद/पिथौरा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बने ढाबाखार से भजपुरी और जामजुड़ा से कंचनपुर मार्ग की हालत बारिश के बाद बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और पानी भरने से आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर सड़क अब दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है।

बारिश के कारण सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे और गहरे हो गए हैं। इनमें पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा बना हुआ है। स्कूली बच्चों, मरीजों को ले जाने वाली एम्बुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, ढाबाखार से भजपुरी की करीब 3 से 4 किलोमीटर दूरी तय करने में लगभग आधा घंटा लग रहा है। वहीं जामजुड़ा से कंचनपुर तक करीब 3 किलोमीटर का सफर भी आधे घंटे से अधिक समय में पूरा हो पा रहा है। सड़क की खराब स्थिति के चलते वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है।

गड्ढों में भरा पानी बढ़ा रहा दुर्घटना का खतरा

सड़क के कई हिस्सों में जलभराव होने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। पानी और कीचड़ के बीच से वाहन निकालना वाहन चालकों के लिए चुनौती बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो सकती है तथा किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की मांग की

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी होने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा समय पर आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क का जल्द निरीक्षण कर गड्ढों को भरा जाए, जलभराव वाले हिस्सों की मरम्मत की जाए और मार्ग को आवागमन योग्य बनाया जाए।

ढाबाखार-भजपुरी और जामजुड़ा-कंचनपुर मार्ग की बदहाली ग्रामीणों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है। बारिश के मौसम में स्कूली बच्चों, मरीजों, राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत जरूरी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई कर सड़क की समस्या का स्थायी समाधान करेगा।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment