
बलौदाबाजार। सिटी कोतवाली पुलिस ने ब्यूटी पार्लर में कोर्स सीख रही 19 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ और उसका पीछा कर परेशान करने के मामले में 42 वर्षीय आरोपी अय्यूब चौहान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पार्लर की मालकिन का रिश्तेदार बताकर युवती से बातचीत करता था और 26 जून की रात उसने युवती के साथ कथित तौर पर बुरी नीयत से छेड़छाड़ व अश्लील हरकत की। इसके बाद भी वह युवती का पीछा कर उसे परेशान करता रहा।
पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 665/2026 के तहत धारा 74, 75 और 78 BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज किया और आरोपी की तलाश में तत्काल कार्रवाई की।
रात 10 बजे की घटना, इसके बाद भी करता रहा पीछा
पुलिस के मुताबिक, युवती थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित एक ब्यूटी एंड सैलून में पार्लर का कोर्स सीख रही थी। 26 जून 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की। घटना के बाद आरोपी द्वारा रास्ते में पीछा किए जाने और परेशान करने की शिकायत भी युवती ने पुलिस से की।
घेराबंदी कर पकड़ा, पूछताछ में अपराध स्वीकारने का दावा
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अय्यूब चौहान को अभिरक्षा में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 6 अगस्त को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू की। गिरफ्तार आरोपी: अय्यूब चौहान, पिता याकूब चौहान, उम्र 42 वर्ष, निवासी नेहरू चौक, बलौदाबाजार, थाना सिटी कोतवाली। महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई ।