महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम पुजारीपाली में पुलिस ने दबिश देकर 45 लीटर अवैध हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम पुजारीपाली निवासी सूरजो मांझी अपने घर में बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक महिला भागने का प्रयास करने लगी, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरजो मांझी (39 वर्ष), पति मुरली मांझी, निवासी ग्राम पुजारीपाली, थाना बलौदा, जिला महासमुंद बताया।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में जमीन के अंदर बनाए गए गड्ढे से कुल 45 लीटर अवैध हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 9 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 49/26 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री अथवा परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।