बलौदाबाजार-भाटापारा में पीएनजी पाइपलाइन का काम तेज, केसदा से जिले में हुई शुरुआत

BIRENDRA KUMAR SEN

August 6, 2026

बलौदाबाजार-भाटापारा में पीएनजी पाइपलाइन का काम तेज, केसदा से जिले में हुई शुरुआत

बलौदाबाजार-भाटापारा जिला अब स्वच्छ, आधुनिक और सुरक्षित ऊर्जा व्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक बदलाव की ओर बढ़ रहा है। सिटी गैस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के तहत जिले में प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेज गति से जारी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद घरों, उद्योगों, स्कूलों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों तक पाइपलाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की समीक्षा के लिए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला कार्यालय में एचसीजी रायपुर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें और जहां भी पाइपलाइन बिछाने के लिए लोक निर्माण विभाग, अन्य विभागों अथवा ग्राम पंचायतों से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण-पत्र) की आवश्यकता हो, उसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र जारी किया जाए, ताकि परियोजना की गति प्रभावित न हो।
केसदा गांव से शुरू हुआ जिले का सबसे महत्वपूर्ण चरण
बैठक में परियोजना के प्रतिनिधियों ने बताया कि मुख्य पाइपलाइन बिछाने का कार्य रायपुर से प्रारंभ किया गया था, जो अब बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखंड सिमगा स्थित ग्राम केसदा तक पहुंच चुका है। वर्तमान समय में ग्राम केसदा में पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। यही गांव जिले में इस परियोजना के क्रियान्वयन का पहला प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
किन्हें मिलेगा सबसे पहले लाभ?
परियोजना के अनुसार मुख्य पाइपलाइन के आसपास स्थित औद्योगिक प्रतिष्ठानों, विद्यालयों, अस्पतालों तथा शहरी क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक घर के सामने मुख्य पाइपलाइन गुजरेगी तथा निर्धारित स्थानों पर कनेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे, जहां से घरेलू रसोई तक गैस लाइन पहुंचाई जाएगी।
मीटर से होगा बिल, सुरक्षा पर विशेष जोर
परियोजना के प्रतिनिधियों ने बताया कि पीएनजी प्रणाली आधुनिक सुरक्षा मानकों पर आधारित होगी। उपभोक्ताओं को मीटर में दर्ज वास्तविक गैस खपत के अनुसार बिल का भुगतान करना होगा। पाइपलाइन गैस व्यवस्था निरंतर आपूर्ति, सुविधाजनक संचालन और ऊर्जा दक्षता के कारण भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप मानी जा रही है।
प्रशासन की प्राथमिकता—समय पर पूरा हो प्रोजेक्ट
एचसीजी रायपुर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को भरोसा दिलाया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर मुख्य नेटवर्क और घरेलू कनेक्शन का कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
ज्योति पब्लिक न्यूज़ की पड़ताल के अनुसार, ग्राम केसदा से शुरू हुआ यह कार्य आने वाले समय में पूरे बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ऊर्जा ढांचे को नई दिशा दे सकता है। यदि परियोजना तय समय में पूरी होती है, तो हजारों परिवारों को आधुनिक पाइपलाइन गैस सुविधा का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment