छुरा के कचना धुरवा कॉलेज में लगे आरोपों को प्राचार्य ने बताया निराधार,

BHUPENDRA SINHA

August 6, 2026

छुरा/गरियाबंद:- विकासखंड मुख्यालय स्थित कचना धुरवा महाविद्यालय पर टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) और अंकसूची रोकने तथा छात्रों पर महाविद्यालय में ही प्रवेश लेने का दबाव बनाने के लगाए गए आरोपों को कॉलेज प्रबंधन ने निराधार बताया है।

महाविद्यालय के प्राचार्य दिनेश साहू ने स्पष्ट किया कि कॉलेज में किसी भी छात्र के दस्तावेज रोकने की कोई नीति नहीं है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बीए अंतिम वर्ष में 70 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। इनमें से 12 विद्यार्थियों ने टीसी के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 9 छात्रों को टीसी जारी की जा चुकी है। शेष 3 छात्राओं की टीसी 29 जुलाई को तैयार कर दी गई थी, लेकिन वे अब तक उसे लेने नहीं पहुंची हैं। अन्य विद्यार्थियों ने अभी तक टीसी के लिए आवेदन ही नहीं किया है।

प्राचार्य ने बताया कि बीए अंतिम वर्ष की मूल अंकसूची अभी तक से प्राप्त नहीं हुई है। विश्वविद्यालय से अंकसूची मिलते ही सभी विद्यार्थियों को तत्काल वितरित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इसमें कॉलेज की कोई लापरवाही नहीं है, बल्कि दस्तावेज विश्वविद्यालय स्तर पर लंबित हैं।

प्राचार्य दिनेश साहू ने यह भी कहा कि छात्रों पर इसी कॉलेज में प्रवेश लेने का दबाव बनाने का आरोप भी पूरी तरह गलत है। उन्होंने बताया कि छात्र अपनी इच्छा के अनुसार किसी भी महाविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए स्वतंत्र हैं। कॉलेज द्वारा 9 छात्रों को एनओसी जारी कर दूसरे महाविद्यालयों में प्रवेश लेने में सहयोग भी किया गया है।

अंत में प्राचार्य ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि किसी भी समाचार के प्रकाशन से पहले तथ्यों की पुष्टि अवश्य की जाए, ताकि भ्रामक जानकारी से बचा जा सके।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment