दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार देर रात कांग्रेस नेता एवं ग्राम पंचायत तुमाकला के पंच प्रकाश सिंह कश्यप की लूटपाट के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। चार बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर उन्हें रोककर मोबाइल और नकदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के पंच होने के साथ-साथ कांग्रेस के धमधा मंडल कोषाध्यक्ष भी थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
शंकराचार्य अस्पताल से लौटते समय हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात अपने दो साथियों के साथ भिलाई स्थित शंकराचार्य अस्पताल में एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। भोजन करने के बाद रात करीब 2 बजे वे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान करहीडीह और चिखली चौक के बीच चार बाइक सवार बदमाशों ने डंडा अड़ाकर उनकी बाइक रोक ली।
बदमाशों ने मोबाइल और नकदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने प्रकाश सिंह कश्यप पर चाकू से कई वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल और करीब 4 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले के दौरान बाइक पर पीछे बैठे एक साथी किसी तरह जान बचाकर भाग निकले और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रकाश सिंह कश्यप को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अस्पताल के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए और मॉर्चुरी हाउस के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि धमधा रोड पर नियमित पुलिस गश्त नहीं होने से अपराधी बेखौफ हो गए हैं। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
पुलिस कई टीमों के साथ जांच में जुटी
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।