महासमुंद में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प’ अभियान की शुरुआत, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प

SARJU PRASAD SAHU

August 2, 2026

महासमुंद। 2 अगस्त। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प” अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा संदेश प्रसारित किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने सुना। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सरला कोसरिया, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, महेंद्र सिक्का, राहुल चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य, पार्षद, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद सहित माय भारत, समाज कल्याण, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

युवाओं की पहचान नशे से नहीं, कौशल और प्रतिभा से हो: गुरु खुशवंत सिंह

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब ने कहा कि युवाओं की पहचान नशे से नहीं, बल्कि उनके कौशल, प्रतिभा और सकारात्मक सोच से होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लगभग 100 दिनों तक चलने वाला जन-जागरूकता अभियान है। भारत विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है और यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा नवाचार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता में लगाएंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।

उन्होंने संत गुरु घासीदास के बताए नशामुक्ति के मार्ग को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “जिनकी आनी और बानी अच्छी होगी, उनकी सियानी भी अच्छी रहेगी।” उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने की अपील भी की।

जिज्ञासा से शुरू होने वाला नशा बन जाता है विनाश की वजह: योगेश्वर राजू सिन्हा

महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि देशभर के करीब 10 हजार संस्थानों में युवा नशामुक्ति का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार केवल जिज्ञासा के कारण शुरू किया गया नशा धीरे-धीरे लत में बदल जाता है और व्यक्ति का पूरा जीवन बर्बाद कर देता है। स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

युवा शक्ति ही बना सकती है नशामुक्त भारत

छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि आज युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती खुद को नशे से दूर रखना है। आने वाला भविष्य युवाओं का है और उनकी सकारात्मक भूमिका से ही देश नशामुक्त बन सकता है।

कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नशामुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान और प्रभावी होगा।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सरला कोसरिया ने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति के तन, मन और पूरे जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “नशा ही नाश की जड़ है”, इसलिए प्रत्येक युवा को नशे का बहिष्कार करने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता रही।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment