गरियाबंद: ‘शिक्षा के मंदिर’ में छलके जाम, स्कूल कार्यालय में शराब पार्टी करते दिखे दो शिक्षक; वीडियो वायरल
गरियाबंद | छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मैनपुर विकासखंड अंतर्गत स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में दो शिक्षक स्कूल के कार्यालय (Office) के भीतर ही बेझिझक शराब पार्टी करते पाए गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहे दो शिक्षकों की पहचान मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान के रूप में हुई है। वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय के अंदर मेज पर शराब और चखना सजाकर जाम छलकाते स्पष्ट नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि घटना के समय स्कूल के तीन शिक्षक आधिकारिक अवकाश पर थे। ऐसे में उपस्थित शिक्षकों की जिम्मेदारी बच्चों को पढ़ाने की थी, लेकिन उन्होंने क्लास लेने के बजाय कार्यालय को ही मयखाने में बदल दिया। जिस वक्त अंदर शराब पार्टी चल रही थी, उस दौरान निर्दोष छात्र-छात्राएं बिना किसी पढ़ाई के स्कूल परिसर में भटकते और बैठते दिखाई दिए।
शिक्षकों पर केवल परिसर में शराब पीने का ही नहीं, बल्कि विभागीय नियमों की अनदेखी का भी आरोप लगा है। दोनों शिक्षक निर्धारित औपचारिक ड्रेस कोड का पालन न करते हुए टी-शर्ट और कार्गो जींस पहने हुए थे। स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि शिक्षकों का यह व्यवहार स्कूल की गरिमा और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं, तो यह केवल सामान्य अनुशासनहीनता का मामला नहीं माना जाना चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी शिक्षकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।