शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपी विशाल वर्मा गिरफ्तार
सक्ती। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए सक्ती पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी विशाल वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 319/2026 के तहत धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने थाना सिविल लाइन, बिलासपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि विशाल वर्मा ने उससे शादी करने का झांसा देकर सक्ती क्षेत्र के एक लॉज में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना सक्ती थाना क्षेत्र की होने के कारण प्रकरण की केस डायरी सक्ती थाना भेजी गई, जिसके बाद पुलिस ने विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया। आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद 28 जुलाई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सक्त्ती पुलिस ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई उनकी प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।