सोनाखान। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने इसे लोकतंत्र और छात्र शक्ति की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि देशभर के युवाओं, छात्रों, समाजसेवियों और विपक्ष के संघर्ष के कारण सरकार को यह फैसला लेना पड़ा।
युधिष्ठिर नायक ने अपने बयान में कहा कि देश की युवा शक्ति अन्याय, भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए पूरी तरह जागरूक है। उनका आरोप है कि परीक्षा संबंधी कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर पूरे देश में व्यापक विरोध देखने को मिला, जिसके दबाव में केंद्र सरकार को शिक्षा मंत्री का इस्तीफा स्वीकार करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि जब भी कोई सरकार सत्ता का दुरुपयोग करेगी और जनता के हितों की अनदेखी करेगी, तब लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध जारी रहेगा। नायक ने छात्र-युवा वर्ग को इस संघर्ष के लिए बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि होती है।