महासमुंद। महासमुंद जिले के सलडीह से ढोढरकसा को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, छात्र, मजदूर एवं अन्य लोग आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क की जर्जर हालत के चलते हर सफर जोखिम भरा बन गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को पानी से भरे गड्ढों के कारण संतुलन खोने का डर बना रहता है, वहीं चारपहिया वाहन भी झटकों और क्षतिग्रस्त सड़क से प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार सलडीह–ढोढरकसा मार्ग के निर्माण कार्य का ठेका स्वीकृत हो चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में लोगों को मजबूरी में बदहाल सड़क पर जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। सड़क की समय पर मरम्मत न होने पर आने वाले दिनों में हादसों की आशंका और बढ़ सकती है।