प्रेस कॉन्फ्रेंस के विज्ञापनों पर सियासत: भूपेश बघेल का सीएम विष्णुदेव साय पर तंज, कहा— “मो-शा की कुर्सी हिलती देख विष्णु जी घबराए“

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। बघेल ने नवा रायपुर में मुख्यमंत्री की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए विशाल होर्डिंग्स की तस्वीरें शेयर करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
अपनी फेसबुक पोस्ट में बघेल ने एक शायरी के जरिए तंज कसते हुए लिखा:
“कैसे-कैसे मंजर सामने आने लगे हैं,
वे ‘प्रेस कॉन्फ्रेंस’ के भी इश्तिहार लगाने लगे हैं।
मो-शा की कुर्सी हिलती देख,
विष्णु जी भी घबराने लगे हैं।”
साझा की गई तस्वीरों में नवा रायपुर के मुख्य चौराहों और मार्गों पर 23 जुलाई को आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस के प्रचार के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगे दिखाई दे रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री का कहना है कि सिर्फ एक प्रेस वार्ता के लिए इतने बड़े पैमाने पर सरकारी विज्ञापनों का सहारा लेना सरकार की घबराहट को दर्शाता है।
भूपेश बघेल के इस तंज के बाद प्रदेश के सियासी गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। जहाँ कांग्रेस इस मुद्दे पर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर रही है, वहीं खबर लिखे जाने तक भाजपा या राज्य सरकार की ओर से इस टिप्पणी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।