महिला के निजी फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, व्हाट्सएप स्टेटस से किया था बदनाम

BIRENDRA KUMAR SEN

July 21, 2026

महिला के निजी फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, व्हाट्सएप स्टेटस से किया था बदनाम

बिलासपुर | बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में महिला के निजी फोटो और वीडियो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पूर्व परिचित प्रशांत राज ने दोनों के निजी फोटो और वीडियो अपने पास सुरक्षित रखे थे। बाद में आरोपी ने कथित रूप से पीड़िता को बदनाम करने की नीयत से उसके व्हाट्सएप अकाउंट से छेड़छाड़ कर निजी वीडियो और एडिट किए गए फोटो उसके ही व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड कर वायरल कर दिए।

पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तोरवा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने ग्राम खैरा (थाना रतनपुर) निवासी प्रशांत राज (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 77, 351(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(E) और 67(A) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विस्तृत जांच कर रही है।

नोट: पीड़िता की गोपनीयता और गरिमा की रक्षा के लिए उसकी पहचान या अन्य व्यक्तिगत जानकारी प्रकाशित नहीं की गई है।

 

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment