नगर पंचायत कसडोल में नवनियुक्त एल्डरमैनों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल रहे मुख्य अतिथि

SARJU PRASAD SAHU

July 20, 2026

कसडोल। नगर पंचायत कसडोल में नवनियुक्त मनोनीत एल्डरमैनों के पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अजय राव (प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़) एवं डॉ. सुदीप दास मानिकपुरी (उपाध्यक्ष, नगर पंचायत कसडोल) सहित नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

समारोह में नगर पंचायत कसडोल के नवनियुक्त एल्डरमैन गोटीलाल साहू, राजेंद्र श्रीवास एवं श्रीमती शीला वर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गौरीशंकर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल पद की गरिमा बनाए रखना नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, पारदर्शिता और जनविश्वास के साथ नगर के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाना भी है। उन्होंने नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएँ देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने कहा कि नगर पंचायत जनसहभागिता और सुशासन के संकल्प के साथ कसडोल के विकास को नई गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त एल्डरमैन अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए नगरवासियों की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे तथा विकास कार्यों को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत नगर भवन परिसर में अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत के पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, मातृशक्ति, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment