जांजगीर-चांपा में दिशा समिति की बैठक संपन्न, सांसद कमलेश जांगड़े ने विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

SARJU PRASAD SAHU

July 16, 2026

जांजगीर-चांपा। 16 जुलाई 2026 लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आज जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र प्रवर्तित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में, गुणवत्ता एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।

प्रमुख योजनाओं की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की जांच की गई। सांसद ने अधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन स्थिति जानी और कार्यान्वयन में किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। लंबित कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।

सड़क, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष फोकस

सांसद जांगड़े ने सड़क निर्माण एवं रखरखाव की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु में जिले की सभी क्षतिग्रस्त व गड्ढायुक्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत की जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन सुगमता से मिल सके।

कृषि विभाग को निर्देश दिए कि खाद एवं बीज की कोई कमी न हो और किसानों को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार कर अधिक से अधिक पंजीकरण कराने को कहा गया। सिंचाई व्यवस्था सुचारू रखने के भी निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, चिरायु योजना, सिकल सेल उन्मूलन अभियान, राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, गैर-संचारी रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, नेत्र ज्योति व मुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

शिक्षा विभाग को विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं, शौचालय, पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, जर्जर भवनों में विद्यालय न चलाने और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल परिसरों में वृक्षारोपण अभियान चलाने को कहा गया।

महिला एवं बाल विकास, मत्स्य पालन व अन्य निर्देश

सांसद ने महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, पोषण आहार वितरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना व महतारी वंदन योजना की समीक्षा की। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

मत्स्य विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने और मत्स्य पालन को आजीविका का प्रभावी माध्यम बताते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

स्वच्छ भारत, आरसेटी व सड़क सुरक्षा

स्वच्छ भारत मिशन के तहत पात्र हितग्राहियों के व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण समयबद्ध पूर्ण करने, आरसेटी के माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण व रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा सड़क सुरक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपस्थित गणमान्य

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, गुलजार सिंह, संदीप यादव, विवेका गोपाल, नगर निकाय व जनपद पंचायत अध्यक्षगण, सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment