जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन के संकल्प के अनुरूप संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी का एक प्रेरणादायक उदाहरण हिमाद्री निराला हैं, जिनकी समस्या का समाधान मात्र दो दिनों में हो गया।
हिमाद्री निराला, जो वर्तमान में ग्राम दुरुग, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में निवास करती हैं, ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्राप्त करने के लिए बिर्रा इंडेन ग्रामीण वितरक के यहां आवेदन जमा किया था। उनका आवेदन स्वीकृत होने के बावजूद उन्हें गैस कनेक्शन नहीं मिल पाया था। लंबे इंतजार के बाद जब स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही खाद्य विभाग के अधिकारियों ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि हिमाद्री निराला का आवेदन पूर्व में स्वीकृत हो चुका था, लेकिन हितग्राही से संपर्क नहीं हो पाने के कारण गैस कनेक्शन की स्थापना (इंस्टॉलेशन) की प्रक्रिया अधूरी रह गई थी।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में खाद्य विभाग ने मात्र दो दिनों के भीतर हितग्राही से संपर्क किया और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दिया।
गैस कनेक्शन मिलने पर हिमाद्री निराला ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्या का इतनी शीघ्रता से समाधान होना उनके लिए अत्यंत सुखद अनुभव है। इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 आम जनता की समस्याओं के निराकरण में कितनी कारगर साबित हो रही है।