कसडोल, 15 जुलाई 2026। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कसडोल इकाई द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मोहतरा में “युवा संगम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक चिंतन का विकास करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री एवं विभाग संयोजक श्री अमन ब्रिज नामदेव तथा इंदिरा देवी विद्यालय की प्राचार्य डॉ. वर्षा मिश्रा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर बलौदाबाजार विभाग संयोजक उदित भारद्वाज, जिला संयोजक मलय साहू एवं विद्यालय के प्राचार्य चूड़ामणि साहू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
अपने संबोधन में अमन ब्रिज नामदेव ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके स्थायी समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करती है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ छात्र हितों की रक्षा और व्यक्तित्व विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
वहीं डॉ. वर्षा मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे और भटकाव से दूर रखकर राष्ट्रवादी विचारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, चरित्र निर्माण और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रेरक विचारों को गंभीरता से सुना और देश एवं समाज के विकास में अपनी सकारात्मक भागीदारी का संकल्प लिया। साथ ही विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने संगठन की गतिविधियों एवं छात्र हित में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गौतम साहू, प्रमोद साहू, अमित केवट, केसरी नंदन निर्मलकर, तरुण दास मानिकपुरी, नवीन साहू, सुधांशु साहू, उज्ज्वल दीवान, राहुल राज सोनवानी, धनेश्वरी लहरे, लालनी साहू, पूजा वर्मा, ललित साहू सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे आयोजन निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।