मस्तूरी। थाना पचपेड़ी पुलिस द्वारा संचालित “महा जन जागरूकता जन चेतना अभियान” के तहत गुरुवार को ग्राम लोहर्सी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नए आपराधिक कानून, पॉक्सो एक्ट और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (मस्तूरी) डेरहा राम टंडन के मार्गदर्शन में 9 से 15 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में साइबर ठगी के नए तरीकों, जैसे फर्जी ऐप और ऑनलाइन खाद-बीज बुकिंग के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और निकटतम पुलिस थाना को सूचना देने की सलाह दी गई।
विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानूनों, पॉक्सो एक्ट और ई-साक्ष्य अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। इसके अलावा बरसात के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।
ग्रामीणों को भी संदिग्ध व्यक्तियों, अज्ञात फेरीवालों तथा सोना-चांदी चमकाने के बहाने ठगी करने वाले लोगों से सतर्क रहने और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना पचपेड़ी पुलिस का उद्देश्य जन-जागरूकता बढ़ाकर साइबर अपराध, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करना तथा सुरक्षित एवं जागरूक समाज का निर्माण करना है।