पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
बैकुंठपुर/कोरिया। आदिवासी छात्रा पूजा पैकरा की आत्महत्या के मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में सर्व आदिवासी समाज, जिला कोरिया ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। साथ ही, आईसी मार्ट (IC Mart) से जुड़े कथित अवैध निर्माण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा प्रदान की जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिलाया जाए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि कोरिया जिले में एक माह के भीतर लगातार तीन गंभीर घटनाएं सामने आई हैं, जिससे जिले की कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूजा पैकरा को लगातार प्रताड़ित किए जाने और उसके साथ मारपीट किए जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिसके कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। उन्होंने कहा कि घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एफआईआर में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
गुलाब कमरो ने यह भी सवाल उठाया कि क्या आरोपियों की गिरफ्तारी इसलिए नहीं की जा रही है क्योंकि वे भाजपा समर्थित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं आदिवासी समाज से आते हैं, इसके बावजूद एक आदिवासी बेटी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी होना अत्यंत चिंताजनक है।
सर्व आदिवासी समाज, जिला कोरिया के अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई और न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह, कंवर समाज के जिलाध्यक्ष मनियार सिंह, आदिवासी कांग्रेस एमसीबी के जिलाध्यक्ष अमोल सिंह, जनपद अध्यक्ष बैकुंठपुर उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, जनपद सदस्य प्रकाश चंद्र पैकरा, डॉ. आर.एस. चंदे, अमर सिंह, जितेंद्र पैकरा, अविनाश पाठक, सुरेश इक्का सहित सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।