बेलतरा सोसायटी में किसान के साथ कथित धोखाधड़ी, बंधक जमीन के बावजूद 12 बोरी खाद की फर्जी निकासी

SARJU SAHU

July 8, 2026

बेमेतरा जिले के बेलतरा सेवा सहकारी समिति में किसान महेश साहू के नाम पर कथित रूप से फर्जी तरीके से 12 बोरी खाद निकालने का मामला सामने आया है। किसान ने प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

बेमेतरा। जिले के थान खम्हरिया तहसील अंतर्गत स्थित सेवा सहकारी समिति बेलतरा में एक किसान के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्राम सोमईखुर्द निवासी महेश साहू, पिता मंशाराम साहू ने आरोप लगाया है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनके किसान आईडी से 12 बोरी खाद की निकासी कर ली गई, जबकि उन्होंने खाद प्राप्त ही नहीं की।
महेश साहू के अनुसार उनकी कृषि भूमि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बेमेतरा शाखा में बंधक है। इसके बावजूद समिति से बिना बायोमेट्रिक सत्यापन (फिंगर) और पाउच मशीन के उपयोग के उनके नाम पर 5 बोरी यूरिया तथा 7 बोरी इफ्को खाद, कुल 12 बोरी खाद जारी कर दी गई।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब महेश साहू थान खम्हरिया स्थित एक निजी खाद दुकान से खाद खरीदने पहुंचे। वहां किसान आईडी की जांच के दौरान पता चला कि उनके नाम पर पहले ही 12 बोरी खाद का वितरण दर्ज हो चुका है। इसके बाद उन्होंने संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई, जिसमें सोसायटी से जारी खाद की पर्ची भी मिली। किसान का दावा है कि इस पर्ची पर दर्ज खाद उन्होंने कभी प्राप्त नहीं की, जिससे फर्जी निकासी की आशंका और मजबूत हो गई है।
किसान ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए बेलतरा सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। उनका आरोप है कि इससे पहले भी समिति की ओर से उनके साथ अन्य अनियमितताएं और फर्जीवाड़े किए गए हैं।
अब यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सहकारी समिति की कार्यप्रणाली और खाद वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करेगा।
फिलहाल मामले की आधिकारिक जांच और पुलिस कार्रवाई का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment