रायपुर, 6 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज लोकभवन में शासकीय हाईस्कूल पटाधी, जिला कोरबा की अंग्रेजी व्याख्याता श्रीमती विमला भास्कर ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल को अपनी स्वलिखित पुस्तक “पहाड़ी कोरवा विद्यार्थी शिक्षा एवं शासकीय योजनाएं” भेंट की।
भेंट के दौरान श्रीमती विमला भास्कर ने पुस्तक की विषय-वस्तु से राज्यपाल को अवगत कराया। पुस्तक में विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा जनजाति के विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति, चुनौतियों तथा उनके लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पुस्तक लेखन के लिए श्रीमती विमला भास्कर की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय की शिक्षा और विकास से जुड़े विषयों पर इस प्रकार का साहित्य समाज और नीति-निर्माताओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने जनजातीय शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
यह पुस्तक जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा, जागरूकता और शासकीय योजनाओं की जानकारी को समाज तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।